महासमुंद(जीतयादव)।छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने वर्ष 2026 की अब तक की 27वीं बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी का पर्दाफाश किया है। थाना कोमाखान क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 25 किलो ग्राम गांजा जिसकी कीमत लगभग 12 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त किया है।
ओडिशा से रायपुर लाई जा रही थी गांजा की खेप, ANTF ने 19.84 लाख की संपत्ति जब्त की।
इस मामले में ओडिशा के 4 अंतरराज्यीय तस्करों एवं रायपुर निवासी मुख्य खरीददार को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त टाटा जेस्ट कार (CG 10 AS 9099) जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये, 5 मोबाइल फोन एवं 2 लाख 3 हजार 100 रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 19 लाख 84 हजार 100 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 2123.716 किलो अवैध मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं तथा 68 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 55 आरोपी राज्य के बाहर के हैं। इससे साफ है कि छत्तीसगढ़ को नशे का ट्रांजिट पॉइंट बनाने की कोशिश की जा रही थी, जिसे ANTF ने समय रहते नाकाम कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत नंदा, संजय नाग, दीपक महानंद, शंकर हरपाल (सभी जिला बलांगीर, ओडिशा निवासी) एवं रायपुर के बंशी साहू शामिल हैं, जो इस नेटवर्क का मुख्य खरीददार बताया जा रहा है।

आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क की एंड टू एंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना गोपनीय रूप से पुलिस या ANTF को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।




