सांकरा(जीतयादव)।थाना सांकरा पुलिस एवं ANTF की संयुक्त टीम ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम लोहराकोटा के जंगल क्षेत्र में नदी किनारे चल रहे महुआ शराब निर्माण के अड्डे पर छापा मारा। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर 07 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे की गई।
ANTF व थाना सांकरा पुलिस की संयुक्त रेड, लोहराकोटा जंगल में पकड़ी गई अवैध महुआ शराब फैक्ट्री।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से 105 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 21 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त एक वाटर पंप, बिना नंबर की स्कूटी, एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन, तथा 08 गैस सिलेंडर, चूल्हा, 08 ड्रम, बर्तन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।

पुलिस ने बताया कि घटना स्थल पर करीब 200 किलोग्राम महुआ लाहन पास भी मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस लाहन से लगभग 600 लीटर महुआ शराब तैयार की जा सकती थी, जिससे अवैध कारोबार के बड़े नेटवर्क का अंदेशा लगाया जा रहा है।
इस मामले में तेजकुमार डडसेना (28 वर्ष), निवासी लोहराकोटा, थाना सांकरा, जिला महासमुंद को मौके से गिरफ्तार किया गया है। वहीं दो अन्य आरोपी करण चौहान (निवासी लोहराकोटा) और रितेश सिन्हा (निवासी ठाकुरदिया, थाना पिथौरा) फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।

पुलिस और ANTF के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 66 हजार 200 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी सहित फरार आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि ऐसे अवैध कार्यों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।



