सरायपाली(जीतयादव)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 137 किलोग्राम गांजा जब्त कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोर्स प्वाइंट से लेकर डेस्टिनेशन प्वाइंट तक एंड-टू-एंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के निर्देशों के तहत की गई।
ANTF व सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 137 किलो गांजा जब्त, 8 आरोपी गिरफ्तार।
ANTF व पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से दो वाहनों में गांजा लाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद मारूती सुजुकी ईको कार (OD 19 T 6003) और उसके पीछे टोयोटा कार (MH 01 BK 4102) को रोका गया।

ईको कार में बैठे व्यक्तियों ने अपना नाम शिवा साहू (40 वर्ष, थाना छेन्दीपदा, जिला अंगुल, ओडिशा), निलो फार शफी (40 वर्ष, अकोला, महाराष्ट्र), सुल्तान खान (34 वर्ष, चेम्बूर, महाराष्ट्र), नरोत्तम बेहरा (40 वर्ष, अंगुल, ओडिशा) एवं सुशील साहू (34 वर्ष, अंगुल, ओडिशा) बताया।टोयोटा कार में सवार व्यक्तियों ने अपना नाम दिलशाद खान (33 वर्ष, जिला पूर्णिया, बिहार), शेख जब्बार (27 वर्ष, अकोला, महाराष्ट्र) तथा बुधु भूतिया (29 वर्ष, अंगुल, ओडिशा) बताया।

वाहनों की तलाशी लेने पर टोयोटा कार की डिक्की और पीछे सीट में प्लास्टिक बोरियों में गांजा रखा मिला। आरोपियों ने स्वीकार किया कि गांजा अंगुल (ओडिशा) से अकोला (महाराष्ट्र) ले जाया जा रहा था।पुलिस ने 137 किलो गांजा (कीमत 68,50,000 रुपये), दो कारें (कुल कीमत 6,00,000 रुपये), 7 मोबाइल फोन (27,000 रुपये) और 11,400 रुपये नगद जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 74,88,400 रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(C) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर थाना सिंघोड़ा में मामला कायम किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।यह संपूर्ण कार्रवाई ANTF एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की टीम द्वारा की गई।




