महासमुंद(जीतयादव)।ANTF और पटेवा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24.500 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 12 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नीले रंग की TVS Jupiter (क्रमांक CG 04 QV 1435) से सरायपाली से रायपुर की ओर गांजा ले जाया जा रहा है।
एनएच-53 पर नाकाबंदी के दौरान जोगीडीपा के पास ANTF व पुलिस ने स्कूटी से गांजा बरामद।
ANTF व पुलिस ने सूचना के आधार पर एनएच-53 मुख्य मार्ग पर ग्राम जोगीडीपा के पास नाकाबंदी की गई। संदिग्ध स्कूटी को रोककर पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम कलनाथ कुशवाहा उर्फ कमलेश (निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार) और पीछे बैठे व्यक्ति ने राजकुमार यादव (निवासी कुशीनगर, उत्तरप्रदेश) बताया।

तलाशी के दौरान सफेद-नीली प्लास्टिक बोरी में गांजा मिला, जिसका वजन बोरी सहित 24.500 किलोग्राम पाया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

ANTF व पुलिस ने गांजा के साथ स्कूटी, दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। महासमुंद पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 38 प्रकरणों में 2494.641 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 12 करोड़ 44 लाख 48 हजार रुपये है, जब्त किया जा चुका है और 100 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।



