महासमुंद(जीतयादव)। “नशामुक्त महासमुंद” अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) एवं जिला पुलिस महासमुंद द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बीते 48 घंटों के भीतर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पांच अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए कुल 90 किलो 920 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख 46 हजार रुपये बताई जा रही है। इन मामलों में कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
ANTF एवं जिला पुलिस के एंड टू एंड जांच से टूट रही तस्करी की चेन, जनवरी में 10 करोड़ से अधिक का माल पकड़ा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में पंजीबद्ध नारकोटिक्स एक्ट के मामलों में अब एंड टू एंड इन्वेस्टिगेशन के तहत पूरे सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। जनवरी माह में अब तक महासमुंद में ANTF और जिला पुलिस ने करीब 10 करोड़ 31 लाख रुपये कीमत का 2067 किलो से अधिक गांजा, 146 नग अवैध कफ सिरप जब्त करते हुए 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पिछले 48 घंटे की कार्रवाई में सबसे बड़ा मामला थाना सिंघोड़ा क्षेत्र का रहा, जहां दो कारों से 38 किलो गांजा जब्त किया गया। यह गांजा उड़ीसा के फुलबनी से राजस्थान ले जाया जा रहा था। इसी तरह थाना बसना क्षेत्र में महिंद्रा क्वांटो कार से 30 किलो 920 ग्राम गांजा पकड़ा गया, जो ब्रह्मपुर (उड़ीसा) से रायपुर ले जाया जा रहा था।

थाना बलौदा और पिथौरा क्षेत्र में भी स्कूटी और मोटरसाइकिल से गांजा परिवहन करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी मामलों में पुलिस ने वाहनों को जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

ANTF और महासमुंद पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क, फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक, वित्तीय लेन-देन और सप्लाई चेन को ध्वस्त करने की दिशा में लगातार जांच जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जा सके।



ANTF एवं जिला पुलिस के एंड टू एंड जांच से टूट रही तस्करी की चेन, जनवरी में 10 करोड़ से अधिक का माल पकड़ा।