बसना(जीतयादव)।अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से Anti Narcotics Task Force (ANTF) एवं थाना बसना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की गई है। इस दौरान पुलिस टीम ने गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 150 किलो 750 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है।
ANTF और बसना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 150 किलो से अधिक गांजा बरामद।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ANTF को गांजा तस्करी से जुड़े मामलों में एंड टू एंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन, सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन प्वाइंट पर सख्त एवं विधिवत कार्रवाई के निर्देश मिले थे। इसी क्रम में बसना पुलिस के सहयोग से सुनियोजित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया।

कार्रवाई के दौरान गांजा के परिवहन में प्रयुक्त दो नग क्रेटा कार, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया। इसके अलावा तीन नग टच स्क्रीन मोबाइल फोन (कीमत लगभग 15 हजार रुपये) भी बरामद किए गए। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 95 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें
तन्मय मिश्रा उर्फ लिपुन (29 वर्ष), निवासी सोनपुर, ओडिशा
प्रमोद कल्ता उर्फ सिकन (25 वर्ष), निवासी जिला बौद्ध, ओडिशा
दीनबंधु मिश्रा (39 वर्ष), निवासी सोनपुर, ओडिशा
शामिल हैं।

आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(ख) के तहत थाना बसना में अपराध क्रमांक 32/2026 दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया है।
इस पूरी कार्रवाई को ANTFएवं बसना पुलिस टीम द्वारा अंजाम दिया गया। पुलिस प्रशासन ने इसे मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




