अमित शाह बोले 26 मार्च 2026 से पहले बस्तर नक्सलमुक्त होगा
जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि 26 मार्च 2026 से पहले बस्तर पूरी तरह नक्सलमुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों ने भ्रम फैलाया और नक्सलवाद ने बस्तर को विकास से दूर किया, लेकिन भाजपा शासन में मुफ्त स्वास्थ्य बीमा, 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी और एक माह में 500 से अधिक नक्सलियों का सरेंडर जैसे ठोस कदम उठाए गए हैं।
शाह ने कहा कि यदि नक्सल मुक्त गांव बनाए जाते हैं तो हर गांव को विकास के लिए 1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर अब ओलिंपिक का केंद्र बनने जा रहा है, जहां देशभर के आदिवासी खेलेंगे और यह क्षेत्र वैश्विक आकर्षण का केंद्र बनेगा। शाह ने अपील की कि लोग मुरिया दरबार अवश्य आएं।
स्वदेशी और अर्थव्यवस्था पर बल
गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी को बढ़ावा देने की बात कही है। यदि 140 करोड़ लोग स्वदेशी अपनाएं तो भारत को दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने बताया कि GST में 395 चीजों पर टैक्स घटाया गया है, जो अब तक की सबसे बड़ी राहत है।
मुख्यमंत्री बस सेवा और मुरिया दरबार
इससे पहले शाह ने मुख्यमंत्री बस सेवा की शुरुआत की। इससे 34 रूटों पर 250 गांवों को जोड़ा जाएगा। शाह ने सिरहासार भवन में बस्तर दशहरा के अंतर्गत आयोजित मुरिया दरबार की पारंपरिक रस्म निभाई। यहां उन्होंने मांझी, चालकी, मेंबर और मेंबरीन समुदायों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
बस्तर राजपरिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव ने कहा कि अमित शाह देश के पहले ऐसे गृह मंत्री हैं, जो मुरिया दरबार में शामिल हुए। अब तक इस रस्म में केवल मुख्यमंत्री ही शामिल होते थे।
