महासमुंद(जीतयादव)।एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना खल्लारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो एम्बुलेंस से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
20 किलो गांजा, एम्बुलेंस वाहन और नकदी जब्त, उड़ीसा से महाराष्ट्र ले जाने की थी योजना।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो एम्बुलेंस (क्रमांक MH 49 C 0133) में मादक पदार्थ गांजा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चरौदा मोड़, ग्राम खल्लारी के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन के सामने एम्बुलेंस लिखा हुआ था। तलाशी के दौरान वाहन के पीछे रखी दो बोरियों की जांच की गई, जिसमें करीब 20 किलो गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा को उड़ीसा से महाराष्ट्र ले जाकर बेचने की योजना बना रहे थे। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 36/26 धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
![]()
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान खान (26 वर्ष) और शिराज पठान (39 वर्ष) निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजा के अलावा बोलेरो एम्बुलेंस वाहन, 6800 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 15 लाख 18 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 59 प्रकरणों में 3367.500 किलोग्राम जब्त किया जा चुका है, जिसकी कुल कीमत करीब 16 करोड़ 79 लाख 33 हजार रुपये है। इन मामलों में अब तक 157 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 44 छत्तीसगढ़ और 113 अन्य राज्यों के आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



