रिमजी में रजत जयंती पर Alumni Meet और पूर्व छात्र सम्मान का भव्य आयोजन
बसना (जीत यादव)।विकासखंड सरायपाली के संकुल सिंघोड़ा स्थित शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी में छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती पर Alumni Meet एवं पूर्व छात्र सम्मान समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन विद्यालय की 20 वर्ष की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक उपलब्धियों को यादगार बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
पूर्व छात्रों का हुआ पुष्पवर्षा और तिलक से स्वागत
Alumni Meet कार्यक्रम की शुरुआत अत्यंत भावनात्मक दृश्य के साथ हुई। वर्तमान विद्यार्थियों ने कतारबद्ध होकर विद्यालय लौटे पूर्व छात्रों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया एवं चंदन तिलक लगाकर सम्मानपूर्वक उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में स्थान दिया। पूर्व शिक्षकों का भी मंच पर सम्मानपूर्वक स्वागत कर अभिनंदन किया गया। मां सरस्वती वंदना एवं स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम स्थल को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया।
रजत जयंती पर उपलब्धियों का उल्लेख और प्रेरक संबोधन
कार्यक्रम संचालनकर्ता कमल नारायण भोई ने रजत जयंती को संघर्ष, उपलब्धि और गौरव की यात्रा बताते हुए विद्यालय की सकारात्मक प्रगति पर प्रकाश डाला। संस्था प्रमुख ओमप्रकाश साव ने शिक्षा, अनुशासन, सांस्कृतिक गतिविधियों और छात्र सफलता से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े एवं उपलब्धियों का उल्लेख किया।इसी क्रम में डोलामणि चौहान ने संस्थागत उपलब्धियों की प्रस्तुति दी तथा कमल नारायण भोई द्वारा 20 वर्षों की स्मृतियों पर आधारित कविता ने सभी उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
75 उत्कृष्ट विद्यार्थियों का मेडल व पुष्पगुच्छ देकर सम्मान
विद्यालय से राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति एवं बाल वैज्ञानिक कार्यक्रम में चयनित कुल 75 विद्यार्थियों को भूतपूर्व शिक्षकों एवं विकासखंड अधिकारियों द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में देवानंद नायक, सचिदानंद भोई, ओमप्रकाश ठाकुर, महेंद्र भोई, मनोरंजन प्रधान, उरकुली चौहान (सरपंच) सहित कई पूर्व शिक्षक एवं सामाजिक प्रतिनिधि अतिथि के रूप में शामिल हुए।
पुरानी यादों और भावनात्मक मुलाकातों के साथ सम्पन्न हुआ आयोजन
Alumni Meet कार्यक्रम के उपरांत सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया तथा शिक्षकों का ग्रुप फोटो फ्रेम कर स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया।समापन में पूर्व छात्र एवं शिक्षक पुरानी यादों को ताज़ा करते हुए एक-दूसरे से गले मिले और विद्यालय की प्रगति पर गर्व व्यक्त किया। यह रजत जयंती एवं Alumni Meet रिमजी विद्यालय के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बनकर याद रखी जाएगी।






