दो दंतैल हाथियों की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, सीमा के गांवों में अलर्ट
महासमुंद। महासमुंद वनमंडल में दो दंतैल हाथियों की आमद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गुरुवार को ये हाथी गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर वन परिक्षेत्र के गुंडरदेही गांव के खेतों के आसपास घूमते देखे गए।
वन विभाग ने स्थिति को देखते हुए गुंडरदेही, बम्हणदेही, नाचनबाय और मंदबाय सहित दर्जनभर गांवों में अलर्ट जारी किया है।
महासमुंद वन परिक्षेत्र के रेंजर सियाराम कर्मकार ने बताया कि दोनों हाथी गुरुवार रात को गरियाबंद जिले से निकलकर महासमुंद जिले की सीमा में प्रवेश कर सकते हैं। हाथियों की दूरी जिले की सीमा से केवल 1-2 किलोमीटर रह गई है।
इसके चलते जिवतरा, धनसुली, कोना, बकमा, केशवा खट्टी और बोरियाझर के ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है और ग्रामीणों को अनावश्यक जोखिम न उठाने की सलाह दी है।



