रायपुर में 5 नवंबर को गूंजेगा आसमान, सूर्यकिरण टीम दिखाएगी फाइटर जेट्स का रोमांचक एयर शो
रायपुर | छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर में 5 नवंबर को रोमांच और गौरव का संगम देखने को मिलेगा। भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) अपने शानदार हवाई करतबों से आसमान को देशभक्ति के रंगों में रंग देगी।
शो के लिए टीम ने रविवार सुबह नवा रायपुर के सेंध तालाब के ऊपर रिहर्सल किया। इस दौरान नौ फाइटर जेट्स ने एक साथ उड़ान भरते हुए “बॉम्ब बर्स्ट”, “हार्ट इन द स्काई” और “एरोहेड” जैसे अद्भुत फॉर्मेशन पेश किए। इन करतबों ने आसमान में ऐसा दृश्य बनाया कि देखने वाले रोमांचित हो उठे।
रायपुर पहुंचे 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स
भारतीय वायु सेना के विशेष हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स रायपुर पहुंच चुके हैं। सोमवार को ये विमान एक साथ उड़ान भरेंगे और टीमवर्क, अनुशासन और सटीकता का शानदार प्रदर्शन करेंगे।
ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी करेंगे नेतृत्व
इस एयरोबेटिक शो का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी करेंगे। उन्होंने बताया —
“इस टीम को लीड करना गर्व की बात है। इसमें बहुत एफर्ट, प्रैक्टिस और अनुशासन चाहिए। बाकी सदस्य पूरे भरोसे के साथ हर कमांड को फॉलो करते हैं। अब तक मैं करीब 50-60 शो लीड कर चुका हूं।”
छत्तीसगढ़ के गौरव, स्क्वॉड्रन लीडर गौरव पटेल भी शामिल
इस शो की खास बात यह है कि टीम में स्क्वॉड्रन लीडर गौरव पटेल, जो छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से हैं, भी शामिल हैं। 32 वर्षीय गौरव एक किसान परिवार से आते हैं और सेना में शामिल होने की प्रेरणा उन्हें अपने दादाजी से मिली, जो एनसीसी में इंस्ट्रक्टर रहे हैं।
गौरव ने बताया —
“मेरे लिए यह शो बहुत खास है क्योंकि मैं इसी धरती पर पला-बढ़ा हूं। जब नौ विमान एक साथ उड़ते हैं, तो वह दृश्य अपने आप में देशभक्ति का एहसास कराता है। इस शो के लिए हम पिछले छह महीने से तैयारी कर रहे हैं। मैं चाहता हूं कि जब मैं उड़ान भरूं, तो अपना सर्वश्रेष्ठ दूं।”
महिला अधिकारी संभालेंगी कमेंट्री
इस शानदार एयर शो में फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू दर्शकों के साथ जुड़ाव का काम करेंगी। वे उड़ते विमानों और ज़मीन पर मौजूद दर्शकों के बीच सेतु बनकर कमेंट्री की जिम्मेदारी निभाएंगी।
तिरंगे रंगों से रंग जाएगा आसमान
एयर शो के दौरान सूर्यकिरण टीम तिरंगे रंगों का धुआं निकालते हुए देशभक्ति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगी। यह शो छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के रजत जयंती समारोह की शान बढ़ाएगा।




