महासमुंद(जीतयादव)।अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने अफीम पोस्त डोडा की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा सहित 2.25 करोड़ की संपत्ति जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन क्रमांक HR46 F 4848 में दो व्यक्ति उड़ीसा की ओर से छत्तीसगढ़ की तरफ अफीम पोस्त डोडा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 के रेहटीखोल मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली।
![]()
तलाशी के दौरान वाहन के पीछे रखी बोरियों में भारी मात्रा में अफीम पोस्त डोडा पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हरविंदर सिंह (40 वर्ष) निवासी करनाल हरियाणा और सत्यवान वाल्मीकि (40 वर्ष) निवासी करनाल हरियाणा बताया। दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे यह मादक पदार्थ गुमला से लेकर रायपुर की ओर जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1432 किलो अफीम पोस्त डोडा (कीमत 2,14,80,000 रुपये), परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन (कीमत 10 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन (कीमत 20 हजार रुपये) जब्त किए हैं। कुल मिलाकर करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।



