बसना(जीतयादव)।आम आदमी पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में चलाई जा रही ‘छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा’ को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बसना के मिश्रा कॉम्प्लेक्स में आम आदमी पार्टी बसना इकाई द्वारा संगठन विस्तार और आगामी आंदोलन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
आम आदमी पार्टी की संगठन बैठक में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति पर हुई चर्चा।
यह बैठक मुख्य रूप से यूथ विंग जिलाध्यक्ष खिरोद पटेल, जिला उपाध्यक्ष गोपाल दास वैष्णव, बसना नगर पालिका पार्षद इमरान इल्लु एवं अमरीन इल्लु की अगुवाई में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में तय किया गया कि बसना विधानसभा क्षेत्र को 5 ब्लॉकों में विभाजित कर 5 ब्लॉक अध्यक्ष और 5 संगठन मंत्री नियुक्त किए जाएंगे। इन पदों के लिए प्रस्तावित नामों पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से राय लेकर अंतिम सूची जिलाध्यक्ष राकेश झाबक के माध्यम से जोन प्रभारी भूपेन्द्र चन्द्राकर को भेजी गई।
बैठक में किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने कहा कि धान खरीदी, भुगतान में देरी और कृषि संबंधी अन्य मुद्दों को लेकर किसानों में भारी नाराजगी है। इसी को लेकर 10 फरवरी को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने का निर्णय लिया गया है।

इस घेराव कार्यक्रम में पूरे छत्तीसगढ़ से किसान एवं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन किसानों के हक और अधिकार की लड़ाई है और सरकार को उनकी मांगों पर जवाब देना होगा।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि ‘छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा’ को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को और मजबूत किया जाएगा।




