बसना। गिधामुड़ा सोलर पंप चोरी मामले का बसना पुलिस ने खुलासा करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया सोलर पंप, केबल वायर तथा घटना में प्रयुक्त बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 G 1743 बरामद कर जब्त की है। मामले में सोलर पैनलों को पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त करने की बात भी सामने आई है।
बसना पुलिस ने गिधामुड़ा में सोलर पंप और केबल वायर बरामद किया, चोरी में प्रयुक्त बजाज डिस्कवर भी जब्त।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गिधामुड़ा निवासी किसान बेदलाल साव ने थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 और 29 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात उनके खेत में लगे पंप, पाइप और केबल वायर को अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया। साथ ही सोलर पैनलों को पत्थर मारकर नुकसान पहुंचाया गया था। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 8 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि बस स्टैंड बसना के पास दो लड़के मोटरसाइकिल से घूम रहे हैं और चोरी का तांबे का केबल वायर सस्ते दाम में बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने गिधामुड़ा के खेत से रात के समय चोरी करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों विधि से संघर्षरत बालक पाए गए हैं। उनके विरुद्ध किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड, महासमुंद के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद दोनों को बाल संप्रेषण गृह भेजा जा रहा है।


