सरायपाली(जीतयादव)।सिरबोड़ा विद्यालय में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के लिए भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती की पूजा-अर्चना और वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा पहली से सातवीं तक के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों श्वेता, नीता, अमृता, नेहा, भूमि, पल्लवी, राखी, रीमा और सोहन को आत्मीयता के साथ विदाई दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच सिरबोड़ा के छात्रों को दी गई भावभीनी विदाई, श्वेता कैवर्त बनी बेस्ट स्टूडेंट।
भोजन अवकाश के पश्चात सिरबोड़ा विद्यालय परिवार की ओर से कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह स्वरूप विदाई उपहार प्रदान किए गए। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कु. श्वेता कैवर्त को “बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्था प्रमुख हीरालाल साहू ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में संस्कार और आदर्श स्थापित करने का मार्ग भी है।
प्रधान पाठक धर्मेन्द्रनाथ राणा ने विद्यार्थियों के साथ बिताए वर्षों की स्मृतियों को साझा करते हुए उन्हें जीवन में सत्य, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। वहीं अनिता साहू, महेश कुमार साहू एवं क्षीरोद्र चौधरी ने भी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के समापन के समय वातावरण भावुक हो गया। छोटे विद्यार्थियों और शिक्षकों ने कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना की।



