महासमुंद(जीतयादव)। जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, महासमुंद द्वारा आयोजित “जिला स्तरीय कम्युनिटी मोबिलाइजेशन कार्यशाला 2026” का उद्देश्य शिक्षा में नवाचार, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंडों से चयनित शिक्षक, विद्यार्थी एवं एसएमसी/एसएमडीसी प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कम्युनिटी मोबिलाइजेशन कार्यशाला में नवाचार, नियमित उपस्थिति और सामुदायिक सहभागिता को मिला प्रोत्साहन।
कम्युनिटी मोबिलाइजेशन कार्यशाला के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड से एक-एक उत्कृष्ट नवाचारी शिक्षक का चयन कर सम्मानित किया गया। विकासखंड सरायपाली से श्री ओमप्रकाश साव (शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी, संकुल सिंघोड़ा) को उत्कृष्ट नवाचारी शिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया। इसी क्रम में भवानी सिंह राज (बसना), नंदकुमार चौधरी (पिथोरा), भोलाराम (बागबाहरा) तथा चंद्रशेखर (महासमुंद) को भी सम्मान प्रदान किया गया।

सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से कम्युनिटी मोबिलाइजेशन कार्यशाला के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड से एक-एक एसएमसी/एसएमडीसी अध्यक्ष को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यालय और समुदाय के बीच समन्वय और सहयोग को नई दिशा मिल सके। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करने के तहत सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले बच्चों को भी मंच पर सम्मानित किया गया।

शैक्षणिक उत्कृष्टता के अंतर्गत तिमाही, अर्धवार्षिक एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 10वीं और 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी प्रत्येक विकासखंड से सम्मानित किया गया। साथ ही सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले शिक्षकों को उनके अनुकरणीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम डीएमसी रेखराज शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि डाइट प्राचार्य अरुण प्रधान एवं प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. सिन्हा सहित सभी एपीसी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिक्षा में नवाचार, नियमित उपस्थिति और समुदाय की सक्रिय भागीदारी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




