बसना(जीतयादव)।मॉडर्न पब्लिक स्कूल बसना में देशभक्ति, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं शैक्षणिक सहभागिता से परिपूर्ण एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों, प्रेरणादायक नारों और सांस्कृतिक सज्जा से सुसज्जित नजर आया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता ने पूरे वातावरण को उत्साह और भावनाओं से भर दिया।
मॉडर्न पब्लिक स्कूल में देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ मातृ-पितृ पूजन दिवस में दिखा संस्कार और भावनाओं का संगम।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:30 बजे विशेष प्रार्थना सभा “एक सुबह शहीदों के नाम” से हुई, जो पुलवामा आतंकी हमले के अमर शहीदों को समर्पित थी। दीप प्रज्वलन कर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। विद्यार्थियों ने देशभक्ति कविता, समूह गीत “कर चले हम फ़िदा” तथा सैनिक और उसकी मां पर आधारित लघु नाट्य प्रस्तुति देकर सभी को भावविभोर कर दिया।

राष्ट्रीय समाचार वाचन के बाद शिक्षिका सादिया मैम ने विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्य और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया। विद्यालय के प्राचार्य श्री सुमंत कुमार आचार्य ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की नींव विद्यालयों से ही रखी जाती है और बच्चों में नैतिकता व देशप्रेम का विकास सबसे जरूरी है। राष्ट्रगान और देशभक्ति नारों के साथ प्रार्थना सभा का समापन हुआ।

इसके पश्चात प्रातः 10:30 बजे से नर्सरी से यूकेजी तक के विद्यार्थियों के लिए “मातृ-पितृ पूजन दिवस” का आयोजन किया गया। नन्हे बच्चों ने अपने माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और गीत, कविताओं व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने भाव प्रकट किए। इस दृश्य को देखकर कई अभिभावक भावुक हो उठे।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और भारतीय संस्कारों का विकास करना था। मॉडर्न पब्लिक स्कूल परिवार का यह प्रयास यह संदेश देता है कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि संस्कार, राष्ट्रप्रेम और नैतिक मूल्यों के साथ जुड़कर ही संपूर्ण होती है। यह आयोजन निश्चित ही मॉडर्न पब्लिक स्कूल, बसना के इतिहास में एक प्रेरणादायी और स्मरणीय अध्याय के रूप में दर्ज हो गया।




