सरायपाली(जीतयादव)।संकुल केंद्र कन्या शाला सरायपाली में TLM मेला (Teaching Learning Material Fair) का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस शैक्षणिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिक्षण को अधिक प्रभावी, रोचक एवं व्यवहारिक बनाना रहा।
TLM मेला में शिक्षकों ने प्रदर्शित की नवाचारी शिक्षण सामग्री, बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाने पर जोर।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संकुल प्राचार्य श्री दिलीप कुमार नायक रहे, जबकि निर्णायक के रूप में श्री उमेश कुमार सामंतराय (व्याख्याता) एवं श्रीमती सुलोचना नायक (व्याख्याता), शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपाली उपस्थित रहे।
TLM मेले में संकुल केंद्र कन्या शाला के अंतर्गत आने वाले 6 शासकीय प्राथमिक विद्यालय एवं 2 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी शिक्षकों द्वारा गणित, विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान एवं संस्कृत विषयों से संबंधित विविध सहायक शिक्षण सामग्री का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।

मुख्य अतिथि श्री दिलीप कुमार नायक ने अपने संबोधन में कहा कि सहायक शिक्षण सामग्री विद्यार्थियों की समझ को सरल बनाती है तथा कक्षा शिक्षण को जीवंत एवं प्रभावशाली बनाती है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि शिक्षण अधिगम प्रक्रिया के दौरान टीएलएम का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि बच्चे विषयवस्तु को खेल-खेल में और सहजता से समझ सकें।
वहीं संकुल समन्वयक श्री श्रवण कुमार प्रधान ने TLM की महत्ता बताते हुए कहा कि “हर वह वस्तु जिससे कोई विद्यार्थी सीखता है, वही TLM है — चाहे वह चित्र, शब्द, मॉडल, चार्ट, भौतिक सामग्री या वीडियो के रूप में हो।”

TLM मेले में शामिल विद्यालयों में प्राथमिक विद्यालय लुकापारा, लाखनपाली, बस्ती सरायपाली, महलपारा, कन्या आश्रम सरायपाली तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय लुकापारा एवं कन्या सरायपाली के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों की सराहना की गई और सभी प्रतिभागियों को प्रेरित किया गया कि वे नवाचार के साथ शिक्षण को निरंतर बेहतर बनाएं। उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप द्वारा दी गई।




