रायपुर(जीतयादव)।आमजन और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान निकालने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा “संवाद से समाधान” जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का शुभारंभ सेंट्रल जोन क्षेत्र स्थित बीएसयूपी कॉलोनी, तेलीबांधा से किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
“संवाद से समाधान” जागरूकता अभियान से नशा उन्मूलन, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस।
अभियान का मुख्य उद्देश्य जन-भागीदारी के माध्यम से कम्युनिटी पुलिसिंग को सशक्त बनाना है, ताकि आम नागरिक बिना किसी डर के अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रख सकें और समय पर उनका समाधान हो सके। इस पहल के तहत मोहल्लों में बैठकें आयोजित कर लोगों को नशा उन्मूलन, साइबर अपराध, महिला एवं बच्चों की सुरक्षा, यातायात नियमों और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज में अपराध की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसके लिए नागरिकों की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है। “संवाद से समाधान” अभियान के जरिए पुलिस सीधे लोगों से संवाद कर उनकी शिकायतें, सुझाव और अपेक्षाएं सुनेगी तथा मौके पर ही समाधान के प्रयास किए जाएंगे।

तेलीबांधा क्षेत्र में आयोजित पहले कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी खुलकर अपनी बात रखी और क्षेत्र में नशा, असामाजिक गतिविधियों एवं यातायात से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि हर सूचना को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया कि यह अभियान सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे निरंतर सभी थाना क्षेत्रों में चलाया जाएगा। इसका लक्ष्य शहर को नशा-मुक्त, भय-मुक्त और सुरक्षित बनाना है, ताकि रायपुर एक आदर्श और शांतिपूर्ण शहर के रूप में विकसित हो सके।
“संवाद से समाधान” अभियान पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बनकर उभरेगा और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




