रायपुर(जीतयादव)।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय स्थित महानदी भवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित होने वाले सरगुजा ओलंपिक के प्रतीक चिन्ह (लोगो) एवं शुभंकर “गजरु” का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरगुजा अंचल के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा – 3.50 लाख खिलाड़ियों का पंजीयन सरगुजा के युवाओं के उत्साह और खेल भावना का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जानकारी दी कि सरगुजा ओलंपिक के लिए 28 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक सरगुजा संभाग के छह जिलों से लगभग 3.50 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जो अपने आप में एक नया कीर्तिमान है। इस विशाल भागीदारी से यह स्पष्ट है कि सरगुजा अंचल के युवाओं में खेलों के प्रति जबरदस्त उत्साह और जुनून देखने को मिल रहा है।

सरगुजा ओलंपिक के अंतर्गत कुल 12 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रमुख रूप से कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती और रस्साकसी शामिल हैं। ये प्रतियोगिताएं विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएंगी, जिससे ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक न केवल युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने का मंच बनेगा, बल्कि इससे उनमें अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन से सरगुजा क्षेत्र के कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएंगे और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।




