सलडीह में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” कार्यक्रम, महिला स्वास्थ्य और शिक्षा पर दिया गया जोर
भगतदेवरी। ग्राम सलडीह के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” विषय पर उद्घाटन समारोह का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सशक्तिकरण और परिवार की मजबूती को बढ़ावा देना था। पूरे क्षेत्र में इसे लेकर उत्साह का वातावरण रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद सदस्य भारती छोटू अग्रवाल और सरपंच गीतांजलि अनुराग ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। महिलाओं और छात्राओं ने मंगल गीत की प्रस्तुति देकर वातावरण को मंगलमय बना दिया।
मुख्य अतिथि भारती छोटू अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि महिला ही परिवार की धुरी है। यदि महिला स्वस्थ है तो पूरा परिवार, समाज और राष्ट्र स्वस्थ एवं सशक्त रहेगा। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी और महिलाओं से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ लें। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा और जागरूकता ही महिला सशक्तिकरण की सच्ची कुंजी है।
सरपंच गीतांजलि अनुराग प्रधान ने बताया कि पंचायत स्तर पर महिलाओं के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पंचायत की प्राथमिकता है कि हर महिला को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, पोषण और शिक्षा का अवसर मिले। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे पंचायत की योजनाओं में सक्रिय भागीदारी करें और समाज को मजबूत बनाने में सहयोग दें।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। आरएमए डिग्रीलाल भोई ने ग्रामीण जनता को स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयों और समय-समय पर जांच की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। विनीता ने विशेष रूप से किशोरी बालिकाओं और महिलाओं को शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
इसी कड़ी में आरएचओ रेशम लाल नायक और दिलीप कोसले ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने टीकाकरण, कुपोषण मुक्ति अभियान और स्वच्छता पर जोर दिया। एमपीएस दीपक दास ने दवाओं और पोषण योजनाओं का महत्व बताया, वहीं रामेश्वरी मरकाम ने प्रसव पूर्व और प्रसव उपरांत देखभाल की आवश्यकता पर विशेष जानकारी दी।
