रायपुर। अमलीडीह स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के खेल मैदान में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से कक्षा 10वीं के छात्र प्रभात साहू (16) की मौत हो गई। घटना दोपहर लगभग 12:50 बजे हुई, जब बच्चे फुटबॉल और वॉलीबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और प्रभात इसकी चपेट में आ गया।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बिजली गिरते ही मैदान में मौजूद अन्य छात्रों को भी करंट जैसा झटका महसूस हुआ। सभी दौड़कर प्रभात के पास पहुंचे। स्टाफ ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई।
इकलौता बेटा था प्रभात
मृतक प्रभात, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के हवलदार शिवशरण साहू का इकलौता बेटा था। परिवार विजेता कॉम्प्लेक्स, राजेंद्र नगर में रहता है। प्रभात की दो बहनें हैं—एक कॉलेज में पढ़ती है और दूसरी उसी स्कूल में पढ़ाई कर रही है। परिजन शव को झारखंड स्थित पैतृक गांव ले जाएंगे, जहां गुरुवार को अंतिम संस्कार होगा।
अधिकारियों ने की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही आईजी अमरेश मिश्रा, एसीबी-ईओडब्ल्यू के दोनों एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। आईजी ने परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और स्कूल परिसर के CCTV फुटेज की जांच के निर्देश दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया
प्रभात के क्लासमेट योगेश ने कहा, “ऐसा लगा जैसे आसमान से आग का गोला गिरा और करंट का झटका लगा। पलटकर देखा तो प्रभात मैदान में गिर चुका था।”
स्कूल गार्ड मनीष सिन्हा ने भी बताया कि तेज गर्जना के बाद ऐसा महसूस हुआ जैसे बिजली उसके पास गिरी हो।
पहले भी हुई ऐसी घटनाएं
2016 में खरोरा स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में आकाशीय बिजली गिरने से एक छात्र की मौत हुई थी।
अगस्त 2025 में भी गाज गिरने से एक मजदूर की जान गई थी।






