भारत समेत दुनिया के कई देशों में दिखा पूर्ण चंद्रग्रहण, करीब 3 घंटे 27 मिनट तक रहा नजारा
रायपुर। रविवार रात भारत समेत दुनिया के कई देशों में लोग खुले आसमान में पूर्ण चंद्रग्रहण का अद्भुत दृश्य देख सके। यह ग्रहण रात 9:57 बजे से शुरू होकर 3 घंटे 27 मिनट तक चला। देर रात 12:22 बजे पृथ्वी की छाया हटने के बाद चंद्रमा अपनी दूधिया रोशनी में चमकने लगा।
2018 के बाद पहली बार पूरे भारत में दिखाई दिया
27 जुलाई 2018 के बाद यह पहली बार था जब पूर्ण चंद्रग्रहण देश के सभी हिस्सों से दिखाई दिया। भारत में इसकी शुरुआत तमिलनाडु से हुई।
कैसे लगता है चंद्रग्रहण
खगोलविदों के अनुसार, सूर्य और चंद्रमा की परिक्रमा करते समय जब पृथ्वी इनके बीच आ जाती है, तो सूर्य का प्रकाश चंद्रमा तक नहीं पहुंच पाता। ऐसे में पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है और चंद्रग्रहण होता है। यह घटना केवल पूर्णिमा के दिन ही संभव है।
चंद्रग्रहण के प्रकार
खगोलीय विज्ञान में चंद्रग्रहण 3 प्रकार के बताए गए हैं –
पूर्ण चंद्रग्रहण (Total Lunar Eclipse): जब पृथ्वी की छाया पूरे चंद्रमा को ढक लेती है। इसे ब्लड मून भी कहा जाता है।
आंशिक चंद्रग्रहण (Partial Lunar Eclipse): जब पृथ्वी की छाया केवल चंद्रमा के एक हिस्से पर पड़ती है।
उपछाया चंद्रग्रहण (Penumbral Lunar Eclipse): जब पृथ्वी की हल्की छाया चंद्रमा के बाहरी हिस्से पर पड़ती है। इसे देख पाना कठिन होता है।
