बसना(जीतयादव)।शासकीय प्राथमिक शाला ललितपुर, संकुल केंद्र जमदरहा में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्ष, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण को तोरण एवं गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय नजर आया। ध्वजारोहण कार्यक्रम ग्राम प्रमुख रविशंकर साहू एवं विद्यालय के प्रधान पाठक गफ्फार खान द्वारा संयुक्त रूप से संपन्न किया गया। इसके पश्चात झंडा सलामी दी गई, वीर शहीदों को वंदन किया गया तथा राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्राम प्रमुख रविशंकर साहू और प्रधान पाठक गफ्फार खान ने किया ध्वजारोहण।
कार्यक्रम के बाद विद्यालय से प्रभात फेरी निकाली गई, जो नारे लगाते हुए, हाथों में तिरंगा लिए, देशभक्ति गीत गाते हुए ग्राम ललितपुर के चौक-चौराहों से होकर गुजरी और पुनः विद्यालय प्रांगण पहुंची। प्रभात फेरी में छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय परिसर में पधारे सभी गणमान्य नागरिकों का स्वागत प्रधान पाठक गफ्फार खान एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया। तत्पश्चात प्रधान पाठक गफ्फार खान ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, वीर जवानों और अमर शहीदों के बलिदान को स्मरण किया तथा गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत बी बनडबरी की सरपंच नोनीबाई ने भी उपस्थित जनों को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद संकुल स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में विजयी बालिकाओं को ग्राम प्रमुख रविशंकर साहू के हाथों प्रशस्तिपत्र, मेडल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष नेहरूलाल साहू, उपाध्यक्ष खेमकुमारी सहित कई सदस्य, सहायक शिक्षक प्रहलाद साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रामवती, सहायिका गायत्री एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में प्रसाद वितरण किया गया और प्रधान पाठक गफ्फार खान ने सभी का आभार व्यक्त किया।




