महासमुंद। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय पासिद में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना रहा। समारोह में कक्षा 1 से 10 तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को ग्राम पंचायत की ओर से मेमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर पासिद में शिक्षा और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का हुआ सम्मान।
इसके साथ ही सांसद खेल महोत्सव में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिका कबड्डी टीम को भी विशेष सम्मान दिया गया। बालिकाओं की इस उपलब्धि पर ग्रामवासियों ने हर्ष व्यक्त किया और उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच बसंत बाई रौतिया, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नेमचंद जयसवाल, विद्यालय के प्राचार्य विजय तिवारी, पंच पूजा सेन, उपसरपंच पुष्पदेवी देवदास विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा बसंत यादव, नारायण यादव, दिनेश निषाद, सोनकुवर नायक, सुंदरलाल साहू, चुम्मन साहू, पंच महेतर यादव एवं कमलेश्वर ध्रुव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को बधाई दी गई तथा ग्राम पंचायत की ओर से भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर करने का संकल्प लिया गया। प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला पसिद में आयोजित यह सम्मान समारोह प्रेरणा और उत्साह का प्रतीक बना।




