बसना(जीतयादव)।सरस्वती शिशु मंदिर शिशु वाटिका में “शिशु नगरी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद श्रीमती विनीता अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि मारवाड़ी युवा मंच की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी अग्रवाल रहीं। समारोह का शुभारंभ देव प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, दीप मंत्र और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
शिशु संस्कार और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह, 115 अभिभावकों की रही सहभागिता।
विद्यालय के समन्वयक श्री रमेश कर ने शिशु वाटिका के 12 आयामों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यहां शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों पर विशेष बल दिया जाता है। मुख्य अतिथि श्रीमती विनीता अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ाई के साथ नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों की शिक्षा भी दी जाती है। बच्चों को बड़ों का सम्मान और प्रणाम करने की परंपरा सिखाई जाती है, जो उनके व्यक्तित्व विकास में सहायक है। विशिष्ट अतिथि श्रीमती शालिनी अग्रवाल ने भी विद्यालय के कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में कक्षा अरुण से द्वितीय तक के भैया-बहनों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न आकर्षक झांकियों में ऑपरेशन सिंदूर, श्री रामदरबार, श्रीकृष्ण लीला तथा शिव-पार्वती की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी को प्रभावित किया।

इस अवसर पर नरसिंह शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री रामचंद्र अग्रवाल, सचिव श्री धनेश्वर साहू, संरक्षक श्री सुभाष शर्मा, सदस्य कुमारी पुष्पा साव, श्री सांवरमल अग्रवाल, श्री सुभाष कुमार प्रधान, डॉ. केशव साहू, प्राचार्य श्री धनुर्जय साहू, वरिष्ठ आचार्य श्री अभिमन्यु दास सहित विद्यालय के समस्त आचार्य-दीदी, भैया-बहन और 115 अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।




