बसना(जीतयादव)।महासमुंद जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 12 के सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने अपने जनसेवा कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि जनादेश का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और विकास का संकल्प उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अपने एक वर्ष के कार्यकाल को पूरी तरह जनसेवा को समर्पित बताते हुए क्षेत्रवासियों के सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 12 में जनसेवा से विकास कार्यों को मिली गति, जनता के विश्वास को बताया सबसे बड़ी ताकत।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि बीते एक वर्ष में उन्होंने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। पेयजल व्यवस्था, सड़क मरम्मत, सामुदायिक भवनों के उन्नयन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने जैसे मुद्दों पर निरंतर प्रयास किए गए। उन्होंने बताया कि कई विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाकर धरातल पर उतारा गया, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि जनता के अटूट विश्वास और सहयोग से ही क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने और त्वरित समाधान के लिए वे लगातार क्षेत्र का दौरा करते रहे हैं। उनका प्रयास रहा है कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे।

देवतुल्य जनता जनार्दन को शत-शत नमन करते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया जाएगा।इस अवसर पर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी तथा भविष्य में भी सक्रिय और समर्पित जनसेवा की अपेक्षा व्यक्त की।



