रायपुर(जीतयादव)।महानदी भवन में एक प्रेरणादायी क्षण देखने को मिला, जब मुंगेली की बेटी सुश्री सुप्रिया सिंह(CDS) से सौजन्य भेंट कर उन्हें बधाई दी गई। सुप्रिया ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
CDS परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल कर मुंगेली की बेटी ने बढ़ाया प्रदेश का मान।
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (CDS) में ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त करना उनकी कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है। लेफ्टिनेंट के रूप में चयनित होना किसी भी युवा के लिए बड़ी उपलब्धि होती है, और सुप्रिया ने इसे उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ हासिल किया है।

इस अवसर पर उन्हें और उनके परिजनों को ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। चर्चा के दौरान सुप्रिया की तैयारी, संघर्ष और सफलता की यात्रा को प्रेरणादायी बताया गया।यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों के लिए एक मजबूत संदेश है कि दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल, प्रशासन और रक्षा सेवाओं सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।

सुप्रिया सिंह की सफलता न केवल व्यक्तिगत विजय है, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को देशसेवा के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।




